माना इलाके की घटना से मचा हड़कंप, राजकुमारी करीब 60% झुलसी थी; पुराने संबंध और विवाद की कड़ियां जोड़ रही पुलिस
रायपुर। रायपुर में एक महिला को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की घटना में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। माना थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में आरंग निवासी राजकुमारी साहू गंभीर रूप से झुलस गई थी। आसपास के लोगों ने आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। पुलिस ने मामले में महिला के प्रेमी वीरू धीवर को गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच में वारदात की वजह और घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मदद के लिए चिल्लाई, लोगों ने बुझाई आग
रविवार रात राजकुमारी सड़क पर थी। इसी दौरान वीरू धीवर ने कथित तौर पर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक आग की चपेट में आई महिला मदद के लिए चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और आग बुझाई।
स्थानीय लोगों की मदद से राजकुमारी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। वह करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई थी। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन सोमवार को उसने दम तोड़ दिया।
रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने महिला की मौत की पुष्टि की है।
मौत से पहले दिए बयान को जांच का आधार बनाया
पुलिस ने घटना के बाद महिला के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया था। आरोपी वारदात के बाद मौके से भाग गया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब महिला की मौत के बाद पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे तत्काल क्या विवाद था और उसने इतनी गंभीर वारदात को क्यों अंजाम दिया।
पति से अलग रहने के बाद भी बना रहा संपर्क
एएसपी अभिषेक झा के अनुसार वीरू और राजकुमारी के बीच 2021 से पहले से संबंध थे। इसी साल आरंग थाने में एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वीरू पर राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला करने का आरोप था। पुलिस ने उस मामले में धारा 307 के तहत कार्रवाई की थी।
इस घटना के बाद राजकुमारी और उसका पति अलग-अलग रहने लगे थे। पुलिस के अनुसार इसके बावजूद राजकुमारी और वीरू के बीच संबंध जारी रहे। जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना के दिन दोनों साथ थे।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। फुटेज से आरोपी की गतिविधियों, घटनास्थल पर मौजूद लोगों और वारदात के बाद उसके भागने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वारदात की वजह क्या थी और घटना से पहले दोनों के बीच क्या हुआ, इसकी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद और स्पष्ट होगी।