मेटल, फार्मा और रियल्टी शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा, एशियाई बाजारों की तेजी का भी दिखा असर
मुंबई (ए)। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हुई। सेंसेक्स 200 अंक से अधिक उछलकर 74,500 के स्तर के आसपास पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 50 अंक की बढ़त के साथ 23,300 के करीब कारोबार करता नजर आया। बाजार में खास तौर पर मेटल, फार्मा और रियल्टी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी का रुझान रहा।
एशियाई बाजारों में भी मजबूती
भारतीय बाजार के साथ एशिया के प्रमुख शेयर बाजारों में भी तेजी का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 2.39%, जापान के निक्केई में 0.82% और हांगकांग के हैंगसेंग में 0.75% की बढ़त दर्ज की गई। इससे घरेलू बाजार की धारणा को भी समर्थन मिला।
अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ बंद
इससे पहले गुरुवार को अमेरिकी बाजारों में भी खरीदारी रही। डाउ जोन्स 316 अंक चढ़ा, जबकि नैस्डैक में 440 अंक और एसएंडपी 500 में 86 अंक की बढ़त दर्ज हुई। अमेरिकी बाजारों की मजबूती का असर शुक्रवार को एशियाई और भारतीय बाजारों पर भी दिखाई दिया।
एफआईआई की बिकवाली जारी
विदेशी निवेशकों की भारतीय शेयर बाजार से निकासी का सिलसिला बना हुआ है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक पिछले 7 कारोबारी दिनों में एफआईआई और एफपीआई ने करीब 8,219 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इसी अवधि में करीब 10,212 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की है।
पिछले 30 दिनों के आंकड़ों में भी विदेशी निवेशकों की शुद्ध बिकवाली करीब 18,813 करोड़ रुपए रही, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने करीब 64,760 करोड़ रुपए की खरीदारी की।
पिछले सत्र में मिला-जुला रुख
पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 22 अंक की गिरावट के साथ 74,315 पर बंद हुआ था। दूसरी ओर निफ्टी 53 अंक की बढ़त के साथ 23,271 के स्तर पर रहा। फार्मा, मीडिया और रियल्टी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जबकि बैंकिंग शेयरों पर दबाव रहा।