रानीतराई के ओदरागहन में नदी हादसा, रात में मिली सूचना के बाद सुबह पहुंची एसडीआरएफ टीम ने शुरू किया सर्च अभियान
दुर्ग। रानीतराई थाना क्षेत्र के ओदरागहन गांव में खारून नदी में डूबे धमतरी जिले के 38 वर्षीय सुरेंद्र कुमार यादव का शव एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। रात में हादसे की सूचना मिलने के बाद दुर्ग से एसडीआरएफ टीम रवाना हुई। सुबह 5:30 बजे मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। तेज बहाव और नदी की गहराई को देखते हुए एक्सपर्ट डीप डाइवर्स को पानी में उतारा गया, जिन्होंने काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला।
रात 8 बजे कंट्रोल रूम को मिली सूचना
17 सितंबर को रात करीब 8 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ओदरागहन के पास खारून नदी में एक व्यक्ति डूब गया है। जानकारी मिलते ही जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
सुबह शुरू हुई शव की तलाश
एसडीआरएफ की टीम सुबह 5:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण सामान्य तरीके से तलाश करना चुनौतीपूर्ण था। इसके बाद एक्सपर्ट डीप डाइवर राजकुमार यादव और ओंकार ने नदी में उतरकर सघन तलाशी शुरू की।
कड़ी मशक्कत के बाद मिली सफलता
डीप डाइविंग के दौरान दोनों विशेषज्ञों ने नदी के भीतर काफी दूर तक तलाश की। लगातार प्रयास के बाद सुरेंद्र कुमार यादव का शव बरामद कर लिया गया। टीम ने शव को सुरक्षित बाहर निकाला और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।
धमतरी के रहने वाले थे सुरेंद्र
मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार यादव, पिता फिरंका यादव, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है। वे ग्राम तर्रा गोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के निवासी थे। हादसे के बाद एसडीआरएफ के विशेषज्ञों की मदद से चलाए गए अभियान के जरिए शव बरामद किया गया।