पेंड्रा में घना कोहरा छाया, दिन में भी वाहन चालकों ने जलाई हेडलाइट; कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना
छत्तीसगढ़ में कमजोर पड़ चुका मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। रायपुर में करीब एक सप्ताह बाद शुक्रवार रात तेज बारिश हुई, जबकि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने शनिवार को कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
रायपुर में एक सप्ताह बाद हुई तेज बारिश
शुक्रवार शाम से रायपुर में मौसम का मिजाज बदला। तेज हवाओं के साथ शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई। रात में गरज-चमक के बीच बौछारें पड़ने से मौसम में ठंडक महसूस की गई। लंबे अंतराल के बाद हुई बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली।
पेंड्रा में दिन में भी हेडलाइट जलाकर चले वाहन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में शनिवार सुबह मौसम का अलग रूप देखने को मिला। पेंड्रा और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कम दृश्यता के कारण सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। गौरेला-अमरकंटक मार्ग पर कोहरे का असर अधिक दिखाई दिया।
अमरकंटक में बारिश के बाद गिरा तापमान
अमरकंटक क्षेत्र में बारिश के बाद मौसम ठंडा और सुहावना हो गया। बारिश और कोहरे के कारण यहां तापमान में गिरावट महसूस की गई। आसपास के इलाकों में भी मौसम में बदलाव दर्ज किया गया।
18 जिलों में 40 से 60 किमी की रफ्तार से हवा का अनुमान
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली सहित कई क्षेत्रों में हवा की गति 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
24 जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की हवा
दूसरे अलर्ट में रायपुर सहित सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर को शामिल किया गया है। यहां गरज-चमक, बिजली गिरने और बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।