बोले चुनावी प्रक्रिया पर भरोसा रखे विपक्ष, पहले EVM और अब मतदाता सूची पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीति
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद और मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने SIR पर आपत्तियों और राहुल गांधी के बयानों को लेकर भी अपनी बात रखी
नक्सलवाद से लेकर चुनावी प्रक्रिया तक कांग्रेस पर निशाना
रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शुक्रवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म हो गया है, जबकि ‘दिमागी नक्सल’ दिल्ली में बैठे हैं। यह टिप्पणी करते हुए उन्होंने देश की राजनीतिक परिस्थितियों और कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए।
त्रिवेदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है और मजबूत राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उनके अनुसार, देश की प्रगति कुछ ताकतों को रास नहीं आ रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि मनमाफिक नतीजे नहीं आने पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आती है।
मतदाता सूची पर उठे सवालों के बीच भाजपा का पलटवार
SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाई जा रही आपत्तियों पर त्रिवेदी ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका होती है। राजनीतिक दलों को भी अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से प्रक्रिया पर नजर रखने का अवसर मिलता है। उन्होंने दावा किया कि देशभर में ऐसे प्रतिनिधियों की संख्या करीब 22 लाख है।
उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर सवाल हैं, तो पार्टी के स्थानीय और प्रदेश स्तर के नेताओं ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्तियां क्यों नहीं उठाईं। त्रिवेदी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में शिकायत दर्ज कराने के लिए 45 दिन का समय दिया गया है और विपक्ष को इसका उपयोग करना चाहिए।
EVM से SIR तक, विपक्ष के रुख पर सवाल
भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव परिणामों के बाद कभी ईवीएम तो कभी मतदाता सूची को लेकर सवाल खड़े करती है। उन्होंने इसे राजनीतिक रणनीति बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाने के बजाय शिकायतों को तय प्रक्रिया के तहत सामने रखना चाहिए।
त्रिवेदी ने अंग्रेजों की ‘बांटो और राज करो’ नीति का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर समाज में विभाजन बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत बनाने के प्रयासों में राजनीतिक दलों को सहयोग करना चाहिए, न कि भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाना चाहिए।