
मरवाही (ए)। छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव में तीसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है। इस आखिरी चरण में प्रदेश के 50 ब्लॉक में वोटिंग हो रही है। 53 लाख से ज्यादा वोटर के लिए 11 हजार 430 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसके बाद यहीं वोटों की गिनती भी होगी। वहीं बस्तर संभाग में सुरक्षा कारणों से सुबह 6ः45 से दोपहर 2 बजे तक ही वोट डाले जाएंगे। आखिरी राउंड की वोटिंग में 30 हजार 990 पंच, 3 हजार 802 सरपंच, 1 हजार 122 जनपद सदस्य और 145 जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए मतदान किया जाएगा। निर्वाचन आयोग के मुताबिक तीसरे चरण की वोटिंग में 26 लाख 37 हजार 306 पुरुष, 26 लाख 91 हजार महिला और 65 थर्ड जेंडर समुदाय के लोग हैं।
पंचायत चुनाव में जनता के साथ जनप्रतिनिधि भी वोट डालने पहुंच रहे हैं। मरवाही विधायक प्रणव मरपची ने गृह ग्राम ऐंठी में मतदान किया। वे इसी गांव से सरपंच भी रह चुके हैं। प्रणव ने कहा कि, सरपंच गांव के विकास और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण कड़ी होता है। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य के 433, जनपद पंचायत सदस्य के 2 हजार 973, ग्राम पंचायत सरपंच के 11 हजार 671, वार्ड पंच के 1 लाख 60 हजार 161 सहित कुल 1 लाख 75 हजार 258 पदों के लिए मतदान किया गया है। तीनों चरणों में 78 लाख 20 हजार 202 पुरुष मतदाता, 79 लाख 92 हजार 184 महिला मतदाता और 194 अन्य मतदाता सहित कुल 1 करोड़ 58 लाख 12 हजार 580 मतदाता हैं।