राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, अमिताभ बच्चन, प्रेम चोपड़ा सहित कई हस्तियां रही मौजूद
मुंबई। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और निर्देशक मनोज कुमार का अंतिम संस्कार शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ किया गया। जुहू स्थित पवनहंस श्मशान घाट पर उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ लाया गया, जहां उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई। इस भावुक पल में उनके बेटे कुणाल गोस्वामी ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में अमिताभ बच्चन, उनके बेटे अभिषेक, प्रेम चोपड़ा, सुभाष घई, और सलीम खान जैसे फिल्म जगत के कई दिग्गज शामिल हुए।

87 की उम्र में ली अंतिम सांस
मनोज कुमार का शुक्रवार को कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया था। वे लंबे समय से लीवर सिरोसिस से पीड़ित थे और उन्हें 21 फरवरी 2025 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देशभक्ति पर आधारित फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले मनोज कुमार को लोग ‘भारत कुमार’ के नाम से भी जानते थे।
फिल्मी सफर की दिलचस्प शुरुआत
मनोज कुमार का सफर एक सामान्य युवक से लेकर फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार तक बेहद प्रेरणादायक रहा। एक बार जब वे स्टूडियो में काम की तलाश कर रहे थे, तब एक व्यक्ति ने उन्हें सेट पर सामान ढोने का काम दिया। धीरे-धीरे उन्होंने सहायक के रूप में काम शुरू किया।

सेट पर जब लाइट टेस्टिंग की जरूरत होती, तो हीरो के स्थान पर मनोज को खड़ा कर दिया जाता था। एक दिन लाइट में उनका चेहरा इतना आकर्षक लगा कि उन्हें 1957 में आई फिल्म ‘फैशन’ में छोटा सा रोल मिल गया। इस भूमिका से प्रभावित होकर उन्हें 1960 में ‘कांच की गुड़िया’ में लीड रोल दिया गया और वहीं से उनका करियर बुलंदियों की ओर बढ़ा।
सम्मान और पुरस्कारों से भरा रहा करियर
मनोज कुमार को 7 फिल्मफेयर अवॉर्ड्स मिले, जिनमें से पहला 1968 में फिल्म ‘उपकार’ के लिए था। इस फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म, निर्देशक, कहानी और संवाद जैसी श्रेणियों में पुरस्कार जीते। उन्हें 1992 में पद्मश्री और 2016 में दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।