-
ओडिशा में बिजली गिरने से 9 लोगों की जान गई, कई घायल
-
श्रीगंगानगर में तापमान 45.9°C पार, हीटवेव का कहर
-
मध्य प्रदेश के 39 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट
-
दिल्ली में बारिश से गर्मी से राहत, केरल में जल्द आएगा मॉनसून
देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। कहीं तेज गर्मी लोगों को झुलसा रही है, तो कहीं बारिश और आंधी का कहर जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। ओडिशा में बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई, वहीं राजस्थान में पारा 45°C के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने देश के 24 राज्यों में आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है।
ओडिशा। भारत के कई राज्यों में मौसम का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को ओडिशा में बिजली गिरने की घटनाओं ने कहर बरपा दिया। अलग-अलग जिलों में 6 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें से अधिकतर लोग उस समय खुले मैदानों में थे जब अचानक बिजली गिरी। कुछ लोग झुलस भी गए हैं। राज्य के 7 जिलों में पहले से ही आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी थी।
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। शुक्रवार को कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 45.9°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3-4 दिन इसी तरह की भीषण गर्मी बनी रह सकती है। जोधपुर और बीकानेर संभाग में धूलभरी आंधी की संभावना भी जताई गई है।
मध्यप्रदेश में भी अगले चार दिन मौसम उग्र बना रहेगा। 20 मई तक आंधी और बारिश के साथ ही हीटवेव का खतरा बरकरार रहेगा। शुक्रवार को ग्वालियर, खजुराहो और नौगांव जैसे इलाकों में तापमान 45 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। आज प्रदेश के 39 शहरों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली में शुक्रवार को बारिश ने लोगों को कुछ राहत दी। गर्मी से परेशान राजधानीवासियों को तापमान में गिरावट महसूस हुई और अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। आज भी हल्की बारिश की संभावना है।
दक्षिण भारत की बात करें तो केरल में 27 मई के आसपास मॉनसून के आगमन की संभावना जताई गई है। इसको लेकर सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को एक अहम बैठक में लैंडस्लाइड संभावित इलाकों में रह रहे लोगों से संपर्क साधने और सुरक्षा उपायों की रणनीति बनाई गई।
18 और 19 मई के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार:
पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में आंधी-बारिश की चेतावनी है। मध्य और पूर्वी भारत के राज्य जैसे छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी आंधी और तूफान के आसार हैं। दक्षिण भारत के कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। गोवा और महाराष्ट्र में हल्की बारिश का अनुमान है।