मार्च 2024 से अब तक 16 किश्तों में वितरित हुए ₹10,433 करोड़ से अधिक; हितग्राहियों से आधार अपडेट कराने की अपील
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जून 2025 माह की महतारी वंदन योजना की सोलहवीं किश्त जारी कर दी गई है। राज्यभर में 69 लाख से अधिक महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि प्राप्त हुई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की फ्लैगशिप योजना “महतारी वंदन” के अंतर्गत जून 2025 की सोलहवीं किश्त आज 2 जून को जारी कर दी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस माह 69.30 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में ₹648.24 करोड़ की आर्थिक सहायता डीबीटी माध्यम से अंतरित की है।
गौरतलब है कि इस योजना की शुरुआत मार्च 2024 में की गई थी और अब तक 16 महीनों में कुल ₹10,433.64 करोड़ की राशि महिलाओं को प्रदान की जा चुकी है। योजना के तहत 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाओं को हर माह ₹1000 की नियमित सहायता प्रदान की जाती है।
योजना से संबंधित जानकारी के लिए https://mahtarivandan.cgstate.gov.in/ पोर्टल और मोबाइल ऐप उपलब्ध हैं। इच्छुक हितग्राही प्लेस्टोर से ऐप डाउनलोड कर लाभ की स्थिति देख सकते हैं। यदि कोई महिला इस योजना का लाभ नहीं लेना चाहती है तो पोर्टल में “लाभ त्याग” विकल्प के माध्यम से अपनी स्वीकृति दर्ज कर सकती है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने हितग्राहियों से अनुरोध किया है कि वे अपने बैंक खातों को डीबीटी इनेबल कराएं। जिन हितग्राहियों का खाता डीबीटी से लिंक नहीं है, उन्हें भुगतान में असुविधा हो रही है और राशि वापिस जा रही है। ऐसे मामलों में संबंधित महिला को SMS के माध्यम से सूचना दी जा रही है।
विभाग ने साथ ही यह भी अपील की है कि सभी महिलाएं अपने आधार कार्ड को अपडेट कराएं। कई महिलाओं को भुगतान इसलिए नहीं मिल पा रहा है क्योंकि उनका आधार इनएक्टिव या अपडेट नहीं है। ध्यान देने योग्य बात है कि हर 10 वर्षों में आधार अपडेट करना अनिवार्य होता है। अतः अगली किश्त के लिए पात्रता सुनिश्चित करने हेतु पहचान और निवास प्रमाण-पत्र के साथ नजदीकी आधार केंद्र में जाकर अपडेट कराना आवश्यक है। यदि किसी हितग्राही को योजना से संबंधित कोई समस्या हो, तो वह पोर्टल में “शिकायत करें” विकल्प के माध्यम से अपनी समस्या ऑनलाइन दर्ज कर सकती है।