
दुर्ग. नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘रिमझिम सावन 2025’ को लेकर तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में दुर्ग की महापौर श्रीमती अल्का बघमार आज वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा के निवास वोरा निवास पहुँचीं और उनकी धर्मपत्नी मंजु वोरा को कार्यक्रम में शामिल होने हेतु सादर निमंत्रण पत्र सौंपा।
महापौर बघमार ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम 2 एवं 3 अगस्त 2025 को केवल भवन, स्टेशन रोड, दुर्ग में आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिलाओं के लिए पारंपरिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित होंगी।
इस अवसर पर अरुण वोरा ने नगर निगम दुर्ग को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता की शुभकामनाएँ दीं।