पिछले 5 दिनों में केवल 30.1 मिमी औसत बारिश दर्ज, सरगुजा संभाग में ही दिखा सक्रिय मानसून का असर
प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है। पिछले पांच दिनों में छत्तीसगढ़ में औसतन सिर्फ 30.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं मौसम विभाग ने रविवार को बलरामपुर में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 8 अन्य जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून इस समय सुस्त नजर आ रहा है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले 48 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश ही दर्ज की गई है। केवल सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में अपेक्षाकृत अधिक वर्षा हुई है। शनिवार को सबसे ज्यादा बारिश सूरजपुर जिले के ओड़गी क्षेत्र में दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने आज, रविवार के लिए बलरामपुर जिले में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 8 अन्य जिलों—सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, जशपुर, बेमेतरा, बालोद, कबीरधाम और बिलासपुर में केवल वज्रपात की आशंका जताई गई है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा।
बारिश के आंकड़े बता रहे गिरती रफ्तार
पिछले पांच दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो स्पष्ट होता है कि प्रदेश में बारिश की गति धीमी पड़ी है।
- 28 जुलाई तक औसत बारिश 603 मिमी थी।
- 29 जुलाई को 611.5 मिमी
- 30 जुलाई को 623 मिमी
- 31 जुलाई को 627.1 मिमी
- 1 अगस्त को 629.2 मिमी
- 2 अगस्त को मात्र 633 मिमी तक ही पहुंच पाई।
इन आंकड़ों के अनुसार, 28 जुलाई से 2 अगस्त तक राज्य में कुल मिलाकर केवल 30.1 मिमी औसत वर्षा ही दर्ज हुई, जो सामान्य से काफी कम है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले 5 दिनों तक यह ट्रेंड उत्तरी छत्तीसगढ़ (विशेषकर सरगुजा संभाग) में ही जारी रहेगा, जबकि मध्य और दक्षिणी हिस्सों में तेज बारिश की संभावना फिलहाल नहीं के बराबर है।