परेड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित, चेतना अभियान के तहत यातायात शिक्षा पुस्तक का विमोचन
बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस) ने गुरुवार को जिला पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस ग्राउंड में आयोजित परेड में उन्होंने जवानों की अनुशासित टुकड़ियों से सलामी ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित किया।

परेड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) के नेतृत्व में थाना-चौकी, यातायात एवं पुलिस लाइन के 231 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता की अगुवाई में आठ टुकड़ियों और पुलिस बैंड ने सलामी दी। इसके बाद मार्च पास्ट, स्क्वाड ड्रिल, बलवा ड्रिल और फायरिंग अभ्यास का प्रदर्शन किया गया। साथ ही शासकीय वाहनों का निरीक्षण भी किया गया।

परेड के बाद चेतना हॉल में पुलिस सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें आईजीपी ने जवानों की समस्याएं सुनीं और उनका तत्काल निराकरण किया। उन्होंने एसएसपी रजनेश सिंह और उनकी टीम को बीते वर्ष किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई दी। साथ ही आगामी वर्ष में जनता से बेहतर व्यवहार, अनुशासन बनाए रखने और विवेचना में आधुनिक तकनीकों जैसे E-साक्ष्य, E-समन, नेटग्रिड, I RAID, ICJS, CCTNS आदि का अधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को स्वस्थ रहने और परिवार व कार्य के बीच संतुलन बनाए रखने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम में चेतना अभियान के तहत यातायात शिक्षा संबंधी पुस्तक का विमोचन किया गया। इसमें यातायात नियमों और आधुनिक तकनीकी जानकारियों का संकलन है। पुस्तक को एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता ने तैयार किया है।


निरीक्षण के दौरान आईजीपी ने निर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन भवनों का दौरा किया तथा जवानों के लिए तैयार डबल स्टोरी भवन का लोकार्पण किया। बाद में उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर शाखावार समीक्षा की। एएसपी अर्चना झा और डीएसपी मुख्यालय रश्मित कौर चावला के निर्देशन में व्यवस्थित कार्य करने वाले शाखा प्रभारियों को आईजीपी ने सराहा और पुरस्कृत भी किया।