छेरडांड–टुकुटोली और टुटिअम्बा–कादोपानी मार्ग निर्माण को मिली मंजूरी, ग्रामीण और व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण अंचलों के सर्वांगीण विकास की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जशपुर जिले के दुलदुला क्षेत्र को दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण परियोजनाओं की सौगात मिली है। इन सड़कों के निर्माण से न केवल स्थानीय ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी बल्कि कृषि, व्यापार और पड़ोसी राज्य झारखंड से संपर्क भी और मजबूत होगा।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले के दुलदुला क्षेत्र में ग्रामीण कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाले दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है।
पहली परियोजना छेरडांड से टुकुटोली पहुँच मार्ग की है, जिसके लिए 5 करोड़ 48 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं। इस सड़क से गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा और स्थानीय कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
दूसरी परियोजना टुटिअम्बा से कादोपानी होते हुए झारखंड सीमा तक की सड़क है, जिसके निर्माण के लिए 5 करोड़ 96 लाख रुपए की मंजूरी दी गई है। इस मार्ग से न केवल जशपुर और आसपास के गांवों को सुविधा मिलेगी बल्कि झारखंड राज्य से सीधा संपर्क भी स्थापित होगा। इससे दोनों राज्यों के बीच व्यापार, सामाजिक संबंध और सांस्कृतिक आदान–प्रदान को नई मजबूती मिलेगी।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सड़कों से उन्हें कीचड़ और धूल की परेशानी से राहत मिलेगी। मुख्य मार्ग से सीधी कनेक्टिविटी होने से यात्रा भी आसान होगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले में सड़क निर्माण के लगातार मिल रहे नए प्रोजेक्ट विकास की नई तस्वीर गढ़ रहे हैं। सड़कों का यह जाल आने वाले समय में जशपुर के ग्रामीण अंचल को समग्र विकास की ओर अग्रसर करेगा।