15वें मणिपुर अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में पहली बार भारत का प्रतिनिधित्व कर छत्तीसगढ़ ने बढ़ाया प्रदेश का मान
अंतरराष्ट्रीय पोलो के मंच पर छत्तीसगढ़ ने अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। इंफाल में आयोजित 15वें मणिपुर अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में भाग लेकर राज्य ने पहली बार भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए नया इतिहास रचा। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उन्हें राज्य का गौरव बताया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ ने अंतरराष्ट्रीय पोलो के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। इंफाल में 22 से 29 नवंबर 2025 तक आयोजित 15वें मणिपुर अंतरराष्ट्रीय पोलो टूर्नामेंट में पहली बार किसी भारतीय राज्य को भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए आमंत्रित किया गया, और यह गौरव छत्तीसगढ़ को मिला। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का साझा किया, वहीं मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी युवाओं में खेल की अपार क्षमता है और राज्य सरकार की सतत पहल तथा प्रशिक्षण के माध्यम से घुड़सवारी और पोलो खेल को नई दिशा देने के प्रयास सफल हो रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
छत्तीसगढ़ टीम ने टूर्नामेंट में अमेरिका, कोलंबिया, इंडियन पोलो एसोसिएशन और अन्य अंतरराष्ट्रीय टीमों के साथ प्रतिस्पर्धा कर अपनी उपस्थिति मजबूत की। यह उपलब्धि राज्य के आदिवासी युवाओं की खेल जगत में उभरती प्रतिभा और उनकी बढ़ती भागीदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
टीम में लेफ्टिनेंट कर्नल अमन सिंह, लांस नदिम अली (सेवानिवृत्त), वेदिका शरण, चित्रभानु सिंह, सैमुअल विश्वकर्मा, गोलू राम कश्यप, सुभाष लेकामि और देवकी कड़ती शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि खिलाड़ी वेदिका शरण इससे पूर्व भी बेंगलुरु में सितंबर 2025 में आयोजित अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में भारत में दूसरा तथा विश्व स्तर पर 15वां स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।
राज्य सरकार की “खेल से शक्ति” पहल के तहत दंतेवाड़ा और कांकेर जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को पोलो और घुड़सवारी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण ब्रीगो एंड हेक्टर इक्वेस्ट्रियन मैनेजमेंट कंपनी द्वारा भारतीय सेना के अनुभवी पोलो खिलाड़ियों के सहयोग से संचालित है। इस पहल ने युवाओं को खेल, शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अवसर पर आयुक्त, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल श्री अवनीश शरण और घुड़सवारी प्रशिक्षक सुश्री गीता दहिया भी उपस्थित रहे।