राजीव भवन में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, भूपेश ने संगठन को मजबूत करने और भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का दिया संदेश
दुर्ग के राजीव भवन में शनिवार को कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन देखते ही बना, जब दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर और भिलाई शहर के नए जिला अध्यक्षों ने बड़े जनसमूह की मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए और दो सालों में ‘हिटलरशाही जैसे हालात’ पैदा होने का आरोप लगाया।
दुर्ग। राजीव भवन में शनिवार को कांग्रेस का जोरदार शक्ति प्रदर्शन हुआ, जहां दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर और भिलाई शहर के तीनों नए जिलाध्यक्षों ने कार्यभार ग्रहण किया। मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में पहुंचे कार्यकर्ताओं की भीड़ ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
इस दौरान भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के दो सालों के शासन ने लोगों को “अंग्रेजों और हिटलरशाही” की याद दिला दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की संपदा और उद्योगों को निजी उद्योगपतियों के हवाले करने की तैयारी चल रही है, जिसमें रक्षा क्षेत्र से जुड़े निर्माण भी शामिल हैं। भूपेश ने कहा कि कांग्रेस हमेशा देश की संपत्ति बेचने वाली नीतियों का विरोध करती आई है और आगे भी मजबूती से करेगी।
उन्होंने तीनों नए जिलाध्यक्षों को संगठन मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने की सलाह दी। बघेल ने यह भी बताया कि 14 दिसंबर को दिल्ली में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें दुर्ग से बड़ी तादाद में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पहली बार प्रदेश में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर हुई है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस भाजपा सरकार की तानाशाही नीतियों, बिजली बिल बढ़ोतरी, जमीन गाइडलाइन दरों में वृद्धि, किसानों और युवाओं की समस्याओं जैसे मुद्दों पर सड़क से सदन तक जोरदार लड़ाई लड़ेगी। बैज ने कहा कि सरकार के दो साल “पूरी तरह जीरो” रहे हैं—युवा बेरोजगार, किसान परेशान और कर्मचारी आंदोलित हैं।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि उनकी नियुक्ति के बाद किसानों, मजदूरों और बिजली बिल जैसे मुद्दों पर चार बार कलेक्टर घेराव किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन के सहयोग से वह एकमात्र नाम के रूप में चुने गए और आगे जनता की लड़ाई और मजबूती से लड़ी जाएगी।
दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मुद्दों पर पूरी तरह विफल है। उन्होंने कहा कि वार्ड, ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा और “सरकार को जगाने के लिए” जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज किया जाएगा।