लगातार दूसरे दिन ऑल टाइम हाई, दो दिन में चांदी ₹20 हजार महंगी, निवेशकों में बढ़ा रुझान
कीमती धातुओं के बाजार में तेजी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को सोना और चांदी दोनों ही लगातार दूसरे दिन अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए। चांदी ने दो दिन में करीब 20 हजार रुपए की छलांग लगाई है, जबकि सोना भी 1.40 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया है।
नई दिल्ली (A). सोने-चांदी की कीमतों में सोमवार को जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, एक किलो चांदी का भाव 6,566 रुपए बढ़कर 2,62,742 रुपए पर पहुंच गया। इससे पहले रविवार को चांदी ने 2,57,283 रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था। महज दो दिनों में चांदी करीब 20 हजार रुपए महंगी हो चुकी है।
वहीं, 24 कैरेट सोने की कीमत भी नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई। 10 ग्राम सोने का भाव 33 रुपए की मामूली बढ़त के साथ 1,40,482 रुपए हो गया। इससे पहले यह 1,40,449 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था।
शहर-दर-शहर रेट अलग क्यों?
IBJA द्वारा जारी दरों में 3 प्रतिशत जीएसटी, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स का मार्जिन शामिल नहीं होता। इसी कारण अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी के खुदरा रेट अलग नजर आते हैं। इन्हीं दरों के आधार पर आरबीआई सोवरेन गोल्ड बॉन्ड का मूल्य तय करता है, जबकि कई बैंक इन्हें गोल्ड लोन के लिए मानक मानते हैं।
2025 में रिकॉर्ड तेजी
पिछले साल यानी 2025 में सोना और चांदी दोनों ने ऐतिहासिक बढ़त दर्ज की। 24 कैरेट सोने की कीमत सालभर में 57,033 रुपए यानी करीब 75 प्रतिशत बढ़ी। 31 दिसंबर 2024 को सोना 76,162 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो 2025 के अंत तक 1,33,195 रुपए तक पहुंच गया।
चांदी ने तो सोने से भी ज्यादा तेज रफ्तार दिखाई। इसकी कीमत एक साल में 1,44,403 रुपए यानी करीब 167 प्रतिशत बढ़ी। 2024 के अंत में चांदी 86,017 रुपए प्रति किलो थी, जो 2025 के आखिरी दिन 2,30,420 रुपए प्रति किलो पहुंच गई।