मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया उद्घाटन; छत्तीसगढ़ वासियों को RTO टैक्स में मिलेगी% की बड़ी राहत
रायपुर (ए): छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज से ऑटोमोबाइल का सबसे बड़ा मेला, ‘RADA ऑटो एक्सपो 2026’ शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को इस भव्य एक्सपो का विधिवत उद्घाटन किया। इस बार का एक्सपो न केवल गाड़ियों के शौकीनों के लिए खास है, बल्कि नई गाड़ी खरीदने वालों के लिए भी खुशखबरी लेकर आया है। सरकार ने इस एक्सपो के दौरान वाहन खरीदने पर RTO टैक्स में 50% की भारी छूट देने का ऐलान किया है।
CM साय ने किया शुभारंभ, 5 फरवरी तक चलेगा मेला
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर इस मेले की शुरुआत की। रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) द्वारा आयोजित यह एक्सपो 20 जनवरी से शुरू होकर 5 फरवरी 2026 तक चलेगा। उद्घाटन के दौरान सीएम ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ऑटो सेक्टर को नई मजबूती मिलेगी।
RTO टैक्स में 50% की छूट: ग्राहकों की लगेगी लॉटरी
इस ऑटो एक्सपो की सबसे बड़ी खासियत परिवहन विभाग द्वारा दी जा रही 50 प्रतिशत की टैक्स छूट है। जो भी नागरिक इस अवधि के दौरान नया वाहन खरीदेगा, उसे लाइफटाइम आरटीओ टैक्स (Life-time RTO Tax) में आधी छूट मिलेगी। यह योजना सिर्फ रायपुर के लिए नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के नागरिकों के लिए लागू की गई है।
घर बैठे उठाएं फायदा, अपने ही जिले में होगा रजिस्ट्रेशन
ग्राहकों की सुविधा के लिए प्रशासन ने खास नियम बनाए हैं। अब गाड़ी खरीदने के लिए किसी को भी अपने शहर से रायपुर आने की जरूरत नहीं होगी। लोग अपने नजदीकी पंजीकृत डीलर के माध्यम से भी वाहन बुक कर सकते हैं। खास बात यह है कि गाड़ी का रजिस्ट्रेशन (पंजीयन) ग्राहक के अपने गृह जिले के आरटीओ कार्यालय में ही होगा और वहां का आरटीओ कोड भी मिलेगा।
266 डीलर्स की भागीदारी, एक ही छत के नीचे सारे विकल्प
इस बार एक्सपो का दायरा काफी बड़ा है। इसमें रायपुर के 95 डीलर्स के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों से 171 डीलर्स शामिल हो रहे हैं। कुल 266 ऑटोमोबाइल डीलर्स अपनी लेटेस्ट गाड़ियों और मॉडल्स के साथ यहाँ मौजूद हैं। इससे ग्राहकों को कार, बाइक और कमर्शियल वाहनों की एक बड़ी रेंज एक ही जगह देखने को मिलेगी।