शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुक्रवार शाम 7 बजे से महामुकाबला; सीरीज में 1-0 से आगे है भारत, रायपुर में उमड़ेगा क्रिकेट प्रेमियों का सैलाब
रायपुर (ए): नागपुर टी-20 में न्यूजीलैंड को 48 रनों से करारी शिकस्त देने के बाद टीम इंडिया अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुँच चुकी है। सीरीज का दूसरा टी-20 मुकाबला शुक्रवार, 23 जनवरी को नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करने के इरादे से मैदान में उतरेगी, वहीं कीवी टीम के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा होगा।
शाम 7 बजे से शुरू होगी जंग, रायपुर में जबरदस्त उत्साह
भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। रायपुर का यह भव्य स्टेडियम अपनी विशाल बाउंड्री और शानदार पिच के लिए जाना जाता है। मैच को लेकर छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और स्टेडियम के ‘हाउसफुल’ रहने की उम्मीद है। प्रशासन ने सुरक्षा और दर्शकों की आवाजाही के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
अभिषेक और रिंकू से फिर उम्मीदें, गेंदबाजों पर होगी नज़र
पिछले मैच में 84 रनों की आतिशी पारी खेलने वाले अभिषेक शर्मा और शानदार फिनिश करने वाले रिंकू सिंह पर एक बार फिर सबकी निगाहें टिकी होंगी। रायपुर की पिच बल्लेबाजों और स्पिनर्स दोनों को मदद कर सकती है, ऐसे में वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की भूमिका अहम होगी। भारतीय टीम अपनी विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ ही मैदान में उतर सकती है, ताकि सीरीज को यहीं सील किया जा सके।
न्यूजीलैंड के लिए वापसी की चुनौती
पहले मैच में मिली हार के बाद न्यूजीलैंड की टीम काफी दबाव में है। डेवोन कॉनवे और रचीन रवींद्र जैसे स्टार बल्लेबाजों का फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। कीवी टीम को अगर सीरीज में बने रहना है, तो उन्हें रायपुर में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। मिचेल सैंटनर अपनी गेंदबाजी रणनीति में कुछ बड़े बदलाव कर सकते हैं ताकि भारतीय बल्लेबाजों पर लगाम कसी जा सके।