- कमर्शियल व साडा कॉम्प्लेक्स में असामाजिक तत्वों पर सख्ती की मांग
- पुलिस गश्त बढ़ी, व्यापारियों को मिला प्रशासन का सहयोग
- थाना प्रभारी से मुलाकात कर ‘जमघट पॉइंट्स’ की दी गई जानकारी
- प्रभावी निगरानी के लिए रूट मैप सौंपा गया
- सुझावों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
नेहरू नगर के व्यावसायिक क्षेत्रों में खुले में मदिरा सेवन से उत्पन्न हो रही अव्यवस्था और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर नेहरू नगर व्यापारी संघ ने पुलिस प्रशासन से सीधा संवाद किया है। संघ ने न केवल समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया, बल्कि इसके समाधान के लिए ठोस सुझावों के साथ एक लिखित प्रस्ताव भी सौंपा है।
भिलाई। नेहरू नगर व्यापारी संघ क्षेत्र में व्यापारिक वातावरण को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में संघ द्वारा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं साडा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में खुले में मदिरा सेवन करने वाले असामाजिक तत्वों को समझाइश दी जा रही है। इस अभियान में पुलिस प्रशासन का भी सकारात्मक और सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है।
व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों में गश्ती गतिविधियों में वृद्धि की है, जिससे शराबखोरी और अवांछित गतिविधियों पर नियंत्रण के प्रयास तेज हुए हैं।

इस संबंध में दिनांक 21 जनवरी 2026 को नेहरू नगर व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सुपेला थाना प्रभारी से औपचारिक मुलाकात की। बैठक के दौरान उन स्थानों की पहचान कर जानकारी दी गई, जहां खुले में मदिरा सेवन करने वालों का जमावड़ा नियमित रूप से देखा जाता है।
संघ द्वारा पुलिस को एक लिखित सुझाव पत्र भी सौंपा गया, जिसमें प्रभावी निगरानी के लिए एक प्रस्तावित ‘रूट मैप’ शामिल था। इसका उद्देश्य पुलिस गश्त को और अधिक सटीक एवं परिणामकारी बनाना है।
थाना प्रभारी ने व्यापारियों के सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और बेहतर हो सके। इस अवसर पर नेहरू नगर व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री देविंदर सिंह भाटिया, कोषाध्यक्ष श्री मुकेश जैन, साडा कॉम्प्लेक्स मार्केट क्षेत्र के प्रतिनिधि श्री एस. सन्मुख राव एवं सदस्य श्री विजय कोठारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।