सूर्यकुमार यादव (82) और ईशान किशन (76) की तूफानी फिफ्टी, सीरीज में भारत 2-0 से आगे*
कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी-20 मुकाबले में 7 विकेट से मात दी। 209 रन के बड़े लक्ष्य को टीम इंडिया ने महज 15.2 ओवर में हासिल कर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।
रायपुर। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज में शिकस्त दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन बनाए।
कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने नाबाद 47 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि रचिन रवींद्र ने 44 रन का योगदान दिया। भारत की ओर से कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा खाता खोले बिना आउट हो गए। इसके बाद संजू सैमसन भी केवल 6 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शुरुआती झटकों के बावजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने पारी को संभालते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर जबरदस्त दबाव बनाया।
दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 122 रन की तेज साझेदारी हुई। सूर्यकुमार यादव ने 37 गेंदों में 82 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 32 गेंदों में 76 रन बनाए। भारत ने 15.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए ईशान किशन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब सीरीज का तीसरा मुकाबला 25 जनवरी को गुवाहाटी में खेला जाएगा।