Oplus_16908288
गुवाहाटी टी20 में आठ विकेट की बड़ी जीत, टीम इंडिया ने 3–0 से सीरीज में अजेय बढ़त बनाई
गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा तूफानी प्रदर्शन किया, जिसने न्यूजीलैंड को संभलने का मौका ही नहीं दिया। अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने महज 10 ओवर में लक्ष्य हासिल कर सीरीज पर कब्जा जमा लिया।
गुवाहाटी (ए)। भारतीय टीम ने तीसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को करारी शिकस्त देते हुए सीरीज में अजेय बढ़त बना ली। पांच मैचों की टी20 सीरीज के इस मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराकर 3–0 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। ग्लेन फिलिप्स ने सर्वाधिक 48 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके। कीवी टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 153 रन ही बना सकी। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और रवि बिश्नोई को दो-दो सफलताएं मिलीं। हर्षित राणा ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की एक न चलने दी। दोनों बल्लेबाजों ने चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए मैच को एकतरफा बना दिया।
अभिषेक शर्मा ने महज 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। वहीं सूर्यकुमार यादव ने भी कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद अर्धशतक लगाया।
भारतीय टीम ने बिना किसी दबाव के केवल 10 ओवर में 155 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस धमाकेदार जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में न्यूजीलैंड की वापसी के सभी रास्ते बंद कर दिए।