इंदौर में पर्सनल कोच राजामणि प्रभु की निगरानी में कर रहे स्पीड ड्रिल, जिम और स्विमिंग से भी मजबूत बना रहे फिटनेस
इंदौर (ए)। सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के लिए बिहार की टीम मैदान पर पसीना बहा रही है। इसी बीच टीम के कप्तान वैभव सूर्यवंशी की तैयारी ने सबका ध्यान खींचा है। 14 नवंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से पहले वैभव बल्लेबाजी अभ्यास के साथ अपनी शारीरिक क्षमता और दौड़ने की रफ्तार बढ़ाने में जुटे हैं। डेली कॉलेज मैदान पर वे अपने निजी कोच राजामणि प्रभु के साथ विशेष फिटनेस अभ्यास करते नजर आए।
वैभव की ट्रेनिंग का मुख्य हिस्सा एक्सीलरेशन ड्रिल है। इसमें कम दूरी में अधिकतम गति हासिल करने का अभ्यास कराया जाता है। खिलाड़ी को शुरुआती 5 से 10 मीटर में तेजी से रफ्तार पकड़ने, अचानक गति कम करने और दोबारा तेजी से दौड़ने का अभ्यास करना होता है। इसके जरिए शरीर का संतुलन और मैदान पर फुर्ती बेहतर बनाने पर काम किया जाता है।
शुरुआती रफ्तार पर विशेष ध्यान
टी-20 क्रिकेट में विकेटों के बीच तेजी से रन लेना काफी अहम होता है। कई बार एक-दो सेकंड की देरी रन आउट का कारण बन सकती है। इसलिए वैभव की ट्रेनिंग में लंबी दूरी की दौड़ के बजाय कम समय में अधिकतम गति हासिल करने पर जोर दिया जा रहा है। अभ्यास के दौरान वे लगातार दौड़ लगाते और अपनी गति पर काम करते दिखाई दिए।
फिटनेस विशेषज्ञों के अनुसार, स्पीड बनाए रखने के लिए नियमित अभ्यास जरूरी है। ट्रेनिंग में लंबे अंतराल से खिलाड़ी की गति और प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है। इसी वजह से वैभव के दैनिक अभ्यास में स्पीड ड्रिल को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।
जिम और स्विमिंग भी दिनचर्या में शामिल
मैदान पर दौड़ और स्पीड अभ्यास के अलावा वैभव जिम में भी समय दे रहे हैं। यहां उनका ध्यान मांसपेशियों की मजबूती और शारीरिक ताकत बढ़ाने पर है। वहीं स्विमिंग के जरिए शरीर की फिटनेस और रिकवरी को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। टी-20 प्रारूप में लगातार बल्लेबाजी, फील्डिंग और तेज रनिंग के लिए चुस्त-दुरुस्त रहना जरूरी है। ऐसे में वैभव की तैयारी में तकनीक के साथ फिटनेस के हर पहलू को शामिल किया गया है।