7 से 9 फरवरी तक प्रदेश में रहेंगे शाह; बस्तर पंडूम के समापन समारोह में होंगे मुख्य अतिथि, सुरक्षा बलों के साथ होगी हाई-लेवल मीटिंग
रायपुर (ए): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल से छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। 7 फरवरी से शुरू हो रहे इस दौरे के दौरान शाह राज्य की आंतरिक सुरक्षा, वामपंथी उग्रवाद की वर्तमान स्थिति और बस्तर संभाग में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे बस्तर की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े ‘बस्तर पंडूम’ महोत्सव में भी शामिल होंगे। गृहमंत्री का यह दौरा सुरक्षा और विकास दोनों ही दृष्टिकोण से राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रायपुर आगमन और अधिकारियों के साथ संवाद
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह 7 फरवरी की शाम करीब 7 बजे राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे अपने प्रवास स्थल जाने के बाद वे रात 8 बजे राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा चुनौतियों और केंद्र-राज्य समन्वय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
नक्सल अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा
दौरे के दूसरे दिन यानी 8 फरवरी को अमित शाह वामपंथी उग्रवाद को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य शासन के शीर्ष अफसर, पुलिस महानिदेशक, सीआरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक के दौरान नक्सल प्रभावित इलाकों में चल रहे ऑपरेशनों, सुरक्षा बलों की भावी रणनीति और इंटेलिजेंस इनपुट की बारीकी से समीक्षा की जाएगी।
विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं पर मंथन
नक्सलवाद के खिलाफ सैन्य रणनीति के साथ-साथ गृह मंत्री राज्य सरकार के साथ विकासात्मक योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा करेंगे। इस दौरान केंद्र प्रायोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी और विशेष रूप से बस्तर एवं अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, संचार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। शासन का लक्ष्य इन क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा सुधार कर जनता का विश्वास जीतना है।
बस्तर पंडूम का समापन और दिल्ली रवानगी
दौरे के अंतिम दिन 9 फरवरी को अमित शाह बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर पहुंचेंगे। यहाँ वे बस्तर की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोककला को समर्पित ‘बस्तर पंडूम’ महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे जगदलपुर एयरपोर्ट से ही सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।