शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया काबू; जनहानि नहीं
राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कावेरी इंडस्ट्री की तार निर्माण फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। फैक्ट्री से उठते धुएं और लपटों को देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
रायपुर। उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित कावेरी इंडस्ट्री में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री का एक हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। फैक्ट्री में तार, ऑयल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले फैक्ट्री परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही मिनटों बाद आग की तेज लपटें निकलने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस और दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए फैक्ट्री को तुरंत खाली कराया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर तैनात की गईं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। इस दौरान पुलिस ने एहतियातन पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, ताकि कोई भी व्यक्ति आग की चपेट में न आए।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। आग से फैक्ट्री में रखे कच्चे माल और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
घटना के समय आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए थे। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। फिलहाल दमकल विभाग द्वारा कूलिंग का कार्य जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।