बेटी के ससुराल से लौटते समय हादसा, हेलमेट टूटने से सिर में गंभीर चोट आई, मौके पर ही तोड़ा दम
दुर्ग जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की जान चली गई। अंधेरे में सड़क किनारे खड़ी लकड़ी से भरी गाड़ी से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट टूट गया और सिर में गंभीर चोट लगने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। बालोद जिले के पाकुरभाट निवासी विनोद यादव (50) बेटी के ससुराल डूंडेरा गए थे। वहां से वापस अपने गांव लौटते समय ग्राम धूमामर्रा के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी लकड़ी से भरी गाड़ी से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर अंधेरा होने और बिना किसी चेतावनी संकेत के वाहन खड़े होने के कारण बाइक सवार को संभलने का मौका नहीं मिला। तेज रफ्तार बाइक सीधे गाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि विनोद यादव का हेलमेट टूट गया और सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हेलमेट भी नहीं बचा सका जान
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण काफी खून बह गया था। हेलमेट टूट चुका था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि टक्कर कितनी तेज थी।
गाड़ी हटाने को लेकर हुआ विरोध
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद लकड़ी से भरी गाड़ी को ट्रैक्टर की मदद से हटाया गया। कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन इसके बावजूद गाड़ी हटा ली गई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस सड़क पर खड़ी गाड़ी की वैधता, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और गाड़ी चालक की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।