दुर्ग में प्रदर्शन के दौरान हुआ था लाठीचार्ज, अब तक 6 आरोपी गिरफ्त में; 4 की तलाश जारी
दुर्ग-भिलाई। जमीन रजिस्ट्री शुल्क में बढ़ोतरी के विरोध में हुए उग्र प्रदर्शन के मामले में दुर्ग पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि सक्षम जमानतदार पेश किए जाने पर उसे मुचलके पर रिहा कर दिया गया। प्रकरण में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है।
गौरतलब है कि नवंबर-दिसंबर 2025 में राज्य सरकार द्वारा रजिस्ट्री दरों में वृद्धि के विरोध में जमीन कारोबारियों ने लंबी हड़ताल की थी। 1 दिसंबर 2025 को आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया था, जब प्रदर्शनकारी दुर्ग के पटेल चौक स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने बिना अनुमति धरने पर बैठ गए थे। सड़क जाम होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था।
बिना अनुमति प्रदर्शन, पुलिस से झड़प
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पहले समझाइश देकर मार्ग खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा था।
इस घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर सहित आरक्षक केशव कुमार, तुषार सलामे, अजय साहू और हिमांशु जंघेल घायल हुए थे। मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी, अन्य की तलाश
पुलिस के अनुसार मनोज राजपूत (50), निवासी वार्ड क्रमांक 16, सिकोला भाठा दुर्ग, लंबे समय से फरार चल रहा था। बुधवार को उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। बाद में सक्षम जमानतदार प्रस्तुत किए जाने पर उसे मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
इस मामले में अब तक अनिल वासनिक, विक्की चंद्राकर, दिनेश पांडेय, राकेश यादव, जितेंद्र बत्रा और मनोज राजपूत को गिरफ्तार किया जा चुका है। शुभम सिंह राजपूत, यशवंत सिंह राजपूत, ओमप्रकाश कोटवानी और गीतेश ठाकुर सहित अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।