दुर्ग। सेक्टर-8 स्थित 6B स्ट्रीट में बुधवार रात एक नाबालिग द्वारा की गई हिंसक वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले नाबालिग ने रात करीब 9:30 से 11:30 बजे के बीच खेड़ूराम देवांगन के घर में पीछे के दरवाजे से घुसकर परिवार पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि उस समय खेड़ूराम देवांगन (55), जो भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में कार्यरत हैं, अपने परिवार के साथ घर में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी नकाब और ग्लव्स पहनकर घर में घुसा और बिना किसी चेतावनी के हमला शुरू कर दिया।
हमले में खेड़ूराम देवांगन के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों को उनके सिर पर करीब 16 टांके लगाने पड़े। वहीं उनकी बड़ी बेटी गरिमा देवांगन (26), जो पेशे से बीएमएस डॉक्टर हैं, को भी रॉड से चोट लगने के कारण 6 टांके आए। छोटी बेटी लिपिका देवांगन (23), जो पुणे में निजी कंपनी में कार्यरत है, भी हमले में घायल हुई और उसे 3 टांके लगाने पड़े।
घटना के दौरान मां उमेश्वरी देवांगन (47) ने परिवार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया।
हमले के बाद घायल अवस्था में खेड़ूराम देवांगन किसी तरह घर से बाहर निकलकर मदद के लिए चिल्लाए। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी द्वारा हमला किए जाने के कारणों की जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।