सराफा कारोबारी पर हथौड़े से हमला कर लूटा था सोना, भागे बदमाशों को मिर्जापुर में लगी गोली
बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र स्थित राजकिशोर नगर निवासी सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से मंगलवार (17 फरवरी) की रात हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर कारोबारी पर हमला किया और सिर पर हथौड़े से वार कर सोने के जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि चार आरोपी वारदात के बाद उत्तर प्रदेश की ओर भाग निकले। उनकी लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस टीम ने मिर्जापुर में घेराबंदी की।
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद शॉर्ट एनकाउंटर हुआ। जवाबी कार्रवाई में चारों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 5.5 करोड़ रुपये मूल्य का सोना, डेढ़ लाख रुपये नकद और एक पिस्टल बरामद की है। वहीं पांचवां आरोपी बिलासपुर से ही गिरफ्तार किया गया है।
पूरे मामले का खुलासा मिर्जापुर पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।