3 से 24 मई तक एक्सप्रेस व मेमू प्रभावित; MP, महाराष्ट्र और झारखंड रूट पर सफर करने वालों को होगी परेशानी
छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कई यात्री ट्रेनों का संचालन मई में प्रभावित रहेगा। नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन पर वॉशेबल एप्रन निर्माण कार्य के लिए लिए गए ब्लॉक के कारण 10 ट्रेनें रद्द, 30 ट्रेनों को गंतव्य से पहले समाप्त और 2 के रूट में बदलाव किया गया है।
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया स्टेशन पर आधारभूत संरचना उन्नयन कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने 3 मई से 24 मई तक 10 यात्री ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा 30 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द (शॉर्ट टर्मिनेट) किया जाएगा, जबकि 2 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
रेलवे के अनुसार, गोंदिया स्टेशन की लाइन नंबर-5 पर वॉशेबल एप्रन निर्माण कार्य किया जा रहा है। यह कार्य 3 मई से 22 मई तक चलेगा। स्टेशन क्षेत्र में ब्लॉक लिए जाने के कारण यातायात प्रभावित रहेगा।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) एक्सप्रेस, डोंगरगढ़-गोंदिया पैसेंजर, गोंदिया-नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)-बालाघाट ट्रेन शामिल हैं। इनमें एक्सप्रेस और मेमू सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।
इन ट्रेनों के निरस्तीकरण से छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए यह निर्णय यात्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गोंदिया जोन का एक महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां कई ट्रेनों का ठहराव और प्रारंभिक रखरखाव कार्य होता है। वॉशेबल एप्रन बनने के बाद ट्रेनों की सफाई व्यवस्था, संचालन और सुरक्षा में सुधार होगा।
यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें।