जिले की पहली कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट जल्द होगी शुरू
*कोरबा जिले के कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी), रायपुर ने बालको अस्पताल परिसर में अपनी नई फार्मेसी की शुरुआत की है। इसके साथ ही जल्द ही यहां कीमोथेरेपी डे-केयर सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे मरीजों को उपचार और दवाओं के लिए रायपुर जैसे बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।*
कोरबा। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कोरबा जिले ने एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। बालको मेडिकल सेंटर द्वारा बालको अस्पताल परिसर में आधुनिक फार्मेसी का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पहल से अब गंभीर और दीर्घकालिक बीमारियों, विशेषकर कैंसर से जूझ रहे मरीजों को आवश्यक दवाइयाँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
फार्मेसी का उद्घाटन बीएमसी रायपुर की निदेशक डॉ. भावना सिरोही ने किया। इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार, मुख्य चिकित्सक अधिकारी डॉ. विवेक सिंहा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने इस पहल को जिले के स्वास्थ्य ढांचे के लिए मील का पत्थर बताया।
जिले को पहली कीमोथेरेपी डे-केयर सुविधा
बीएमसी प्रबंधन ने घोषणा की है कि बालको अस्पताल में शीघ्र ही कीमोथेरेपी डे-केयर सपोर्ट सुविधा प्रारंभ की जाएगी। यह कोरबा जिले की पहली ऐसी सुविधा होगी, जहां कैंसर मरीजों को दिन में ही कीमोथेरेपी दी जा सकेगी और उन्हें लंबे समय तक भर्ती रहने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
नई फार्मेसी में कैंसर उपचार से संबंधित कीमोथेरेपी दवाइयाँ और अन्य विशेष औषधियाँ रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को उपचार के दौरान दवाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा।
समय और खर्च की बचत
डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय मरीजों को इलाज के लिए बार-बार रायपुर जाने की मजबूरी खत्म होगी। यात्रा, आवास और अन्य खर्चों में कमी आएगी तथा उपचार समय पर और व्यवस्थित ढंग से संभव हो सकेगा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल मरीजों के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि जिले में कैंसर उपचार की दिशा में एक मजबूत आधार भी तैयार करेगी। आने वाले समय में इससे और भी उन्नत चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है।