- लूट के साथ कारोबारी की हत्या की साजिश का भी खुलासा
- पूर्व में होटल कारोबारी से लूट और ज्वेलर्स की दुकान में सेंधमारी की योजना
- देशी कट्टा, कारतूस, चाकू, तीन कार और नकदी बरामद
- पुलिस टीम को आईजी और एसएसपी ने नगद इनाम से किया सम्मानित
*बिलासपुर में महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक पर प्राणघातक हमला कर करोड़ों रुपये की ज्वेलरी और कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। बिलासपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लोकल नेटवर्क की मदद से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर तक पीछा कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई पूरी संपत्ति, हथियार और वाहनों को बरामद कर लिया है। जांच में हत्या की सुपारी और अन्य वारदातों की साजिश का भी सनसनीखेज खुलासा हुआ है।*

बिलासपुर। शहर में चर्चित महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सरकण्डा क्षेत्र में 17 फरवरी 2026 की रात ज्वेलर्स संचालक संतोष तिवारी पर कट्टे की बट और हथौड़ी से हमला कर सोने के आभूषणों से भरे बैग और कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को पुलिस ने धर दबोचा है।
घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। एसीसीयू, साइबर सेल और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी डेटा जुटाया और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।
जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद उत्तर प्रदेश की ओर भागे। बिलासपुर पुलिस ने मिर्जापुर (अहरौरा) पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अन्य सहयोगियों के नाम भी सामने आए, जिसके बाद कुल सात आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
हत्या की साजिश का खुलासा
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गिरोह ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते एक कारोबारी की हत्या की सुपारी भी ली थी। 18 दिसंबर 2025 को हत्या और लूट की कोशिश की गई, जो असफल रही। इसके बाद 19 दिसंबर को एक होटल कारोबारी को लूटने का प्रयास भी किया गया।
इतना ही नहीं, सदर बाजार स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में त्योहार के दौरान ढोल-ताशे के शोर में तिजोरी तोड़ने की योजना भी बनाई गई थी।
कैसे दिया वारदात को अंजाम
17 फरवरी की रात आरोपियों ने अंधे मोड़ के पास ईको कार से टक्कर मारकर संतोष तिवारी को रोका। गाली-गलौच के बाद पिस्टल तानकर कट्टे की बट और हथौड़ी से हमला किया गया। चार बैग में रखे लगभग 2 किलो सोना, अन्य आभूषण, नगदी और कार लूटकर आरोपी फरार हो गए।
क्या-क्या हुआ बरामद
- पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
- ₹5.33 लाख नकद
- 1 देशी कट्टा व जिंदा कारतूस
- 6 धारदार चाकू
- 6 मोबाइल फोन
- मारुति ईको, रेनॉल्ट क्विड और महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस टीम को मिला सम्मान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीम की सराहना करते हुए नगद इनाम की घोषणा की है।