- 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 24 से 27 फरवरी तक
- 30 टीमों के 450 खिलाड़ी मैदान में, कई अंतरराष्ट्रीय और अर्जुन अवॉर्डी शामिल
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ भव्य उद्घाटन समारोह
प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर, भिलाई में मंगलवार को 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य आगाज़ हुआ। गृह मंत्री विजय शर्मा ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करते हुए इसे पुलिस बलों के समन्वय, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाला मंच बताया। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र बलों की 30 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
भिलाई। प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में 24 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ मंगलवार को गरिमामय वातावरण में हुआ। उद्घाटन अवसर पर गृह मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच प्रतियोगिता की शुरुआत ने आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया।

इस अवसर पर दुर्ग नगर की महापौर श्रीमती अलका बाघमार, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, एडीजी एस.आर.पी. कल्लूरी, एडीजी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल विवेकानंद सिन्हा, आईजी ओ.पी. पाल, आईजी अजय यादव, आईजी अभिषेक शांडिल्य, आईजी बी.एस. ध्रुव, डीआईजी कमलोचन कश्यप, डीआईजी एम.आर. आहिरे, डीआईजी मध्य रेंज एवं आयोजन सचिव सदानंद कुमार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री राठौर, प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के डी आई जी कमांडेंट एवं पुलिस खेल अधिकारी राजेश कुकरेजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कुल 30 टीमें भाग ले रही हैं। लगभग 450 प्रतिभागी विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इनमें 10 राज्यों के 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने ओलंपिक, वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स और साउथ एशियन गेम्स जैसे मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व किया है। अर्जुन पुरस्कार विजेता डीएसपी जनता तालुकार (असम) एवं डीएसपी रजत चौहान (राजस्थान) भी प्रतियोगिता में प्रतिभागी के रूप में मैदान में उतर रहे हैं। एडीजी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल विवेकानंद सिन्हा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए आयोजन की रूपरेखा, प्रतिभागियों की संख्या तथा व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

गृह मंत्री बोले — खेल से मजबूत होती है टीम भावना
गृह मंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस बल केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल और अनुशासन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भी अहम योगदान देता है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय स्तर की यह प्रतियोगिता पुलिस बलों के बीच नेतृत्व क्षमता, समन्वय और टीम भावना को सुदृढ़ करती है। छत्तीसगढ़ को इसकी मेजबानी मिलना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।

डीजीपी ने दी शुभकामनाएं
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि खेल गतिविधियां पुलिस बलों में शारीरिक क्षमता और मानसिक संतुलन को मजबूत करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को निष्पक्षता और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बलों के मध्य खेल कौशल, अनुशासन, समन्वय और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना है। विभिन्न वर्गों की प्रतिस्पर्धाएं 27 फरवरी तक जारी रहेंगी।

सुव्यवस्थित तैयारियां
आयोजन की सफलता हेतु डीआईजी मध्य रेंज एवं आयोजन सचिव सदानंद कुमार, डीआईजी कमांडेंट एवं पुलिस खेल अधिकारी राजेश कुकरेजा, जिला पुलिस दुर्ग तथा आयोजन समिति के अधिकारियों-कर्मचारियों ने समन्वित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में सहयोग प्रदान करें तथा यातायात एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।