महतारी वंदन योजना के लिए 8,200 करोड़, रानी दुर्गावती योजना में बालिकाओं को 1.50 लाख की सहायता
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष Saroj Pandey ने प्रदेश सरकार के प्रस्तुत बजट को सर्वहितैषी और सर्वसमावेशी करार देते हुए कहा कि यह दस्तावेज विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत 2047 की दिशा में मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai और वित्त मंत्री OP Choudhary ने समाज के हर वर्ग की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए संतुलित एवं दूरदर्शी बजट प्रस्तुत किया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष फोकस
सरोज पाण्डेय ने कहा कि बजट में महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। महतारी वंदन योजना के लिए 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान कर प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया गया है। उन्होंने इसे महिलाओं की सामाजिक स्थिति को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
बालिकाओं के भविष्य के लिए ‘रानी दुर्गावती योजना’
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा शुरू की गई नई रानी दुर्गावती योजना के तहत परिवार में बालिका के जन्म के बाद उसके 18 वर्ष पूर्ण होने पर 1.50 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इस योजना के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पाण्डेय ने कहा कि यह योजना बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
किसान, युवा और मध्यम वर्ग को प्राथमिकता
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि बजट में किसानों, युवाओं, श्रमिकों, गरीब एवं मध्यम वर्ग के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। कृषि और ग्रामीण विकास के लिए विशेष प्रावधान कर अन्नदाता को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है।
अधोसंरचना और सामाजिक क्षेत्र में बड़ा निवेश
उन्होंने कहा कि सड़कों, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक निवेश का प्रावधान कर विकास की रफ्तार तेज करने का संकल्प लिया गया है। यह बजट प्रदेश की तीन करोड़ जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में ठोस कदम है।