153 साल में पहली बार ‘The Boston Globe’ का प्रिंट एडिशन ठप; उत्तर-पूर्वी राज्यों में 37 इंच तक बर्फबारी, 5 लाख से ज्यादा घरों की बिजली गुल
अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान ने जनजीवन को पूरी तरह थाम दिया है। तेज हवाओं और रिकॉर्ड बर्फबारी के चलते हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, लाखों घरों की बिजली ठप हो गई और इतिहास में पहली बार 153 वर्ष पुराना प्रतिष्ठित अखबार ‘द बोस्टन ग्लोब’ भी छप नहीं सका।
वॉशिंगटन (ए)। अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में आए शक्तिशाली शीत तूफान ने हवाई, सड़क और बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। रविवार से मंगलवार के बीच देशभर में 11,055 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। सिर्फ सोमवार को ही 5,600 से 5,700 फ्लाइट कैंसिल हुईं, जो कुल उड़ानों का लगभग 20 प्रतिशत थीं। फ्लाइट ट्रैकिंग कंपनी फ्लाइटअवेयर के मुताबिक कई प्रमुख एयरपोर्ट्स पर रनवे बंद करने पड़े, जिससे विमानों का संचालन ठप हो गया।
नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार रोड आइलैंड और मैसाचुसेट्स के कई इलाकों में 37 इंच तक बर्फ दर्ज की गई। तेज हवाओं के साथ हुई भारी बर्फबारी ने सड़कों को बर्फ की मोटी चादर से ढक दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
बर्फीले तूफान का सबसे ज्यादा असर बिजली आपूर्ति पर पड़ा। उत्तर-पूर्वी राज्यों में 6 लाख से अधिक घरों और दफ्तरों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। सोमवार शाम तक 5,19,232 उपभोक्ता अंधेरे में थे। मरम्मत दलों को बर्फ और तेज हवाओं के बीच लाइनों की बहाली के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
इस प्राकृतिक आपदा का असर मीडिया जगत पर भी पड़ा। बोस्टन स्थित प्रतिष्ठित अखबार ‘द बोस्टन ग्लोब’ अपने 153 साल के इतिहास में पहली बार प्रिंट नहीं हो सका। भारी बर्फबारी के कारण कर्मचारी प्रिंटिंग प्रेस तक नहीं पहुंच पाए, जिससे अखबार का प्रकाशन रोकना पड़ा।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी शीतलहर और बर्फबारी जारी रहने की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है।