देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु; मंदिर में फूल, जलेबी और लड्डुओं की वर्षा
राधा वल्लभ मंदिर से निकलेगा राधा-कृष्ण का डोला, 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
मथुरा (ए)। ब्रजभूमि में रंगोत्सव की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को रंगभरी एकादशी के साथ हो गई। Banke Bihari Temple में ठाकुर जी को अबीर-गुलाल अर्पित करते ही पूरा परिसर रंगों में सराबोर हो उठा। पुजारियों ने प्रसादी गुलाल भक्तों पर बरसाया और फूलों, जलेबी व लड्डुओं की वर्षा की। मंदिर में उमड़ा जनसैलाब ‘राधे-राधे’ और ‘बांके बिहारी लाल की जय’ के जयकारों से गूंजता रहा।
अबीर का रंग लगते ही श्रद्धालु झूम उठे। दर्शन के बाद भक्तों ने मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर ‘आज ब्रज में होली रे रसिया’ जैसे पारंपरिक गीतों पर लोग थिरकते नजर आए। बड़ी संख्या में विदेशी श्रद्धालुओं ने भी इस उत्सव में भाग लिया और ब्रज की अनूठी होली का आनंद लिया।
वृंदावन की पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। कई भक्त लड्डू गोपाल को गोद में लेकर परिक्रमा करते दिखे, तो महिलाएं समूह में भजन-कीर्तन करती रहीं। पूरा शहर रंग और श्रद्धा के संगम में डूबा नजर आया।
थोड़ी देर बाद Radha Vallabh Temple से भगवान राधा-कृष्ण का डोला निकलेगा। बग्गी पर सवार स्वरूप नगर भ्रमण करते हुए विभिन्न स्थानों पर होली खेलेंगे। प्रशासन के अनुसार, इस अवसर पर करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के वृंदावन पहुंचने का अनुमान है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले Nandgaon और Barsana में लठमार होली की धूम रही। अब रंगभरी एकादशी के साथ ब्रज की पारंपरिक होली अपने चरम की ओर बढ़ चली है।