- कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के खातों में पहुंचेगी आदान सहायता
- 263 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, जिले को 494 करोड़ की राहत
- पंचायतों को भीड़ जुटाने का लक्ष्य, प्रशासनिक तैयारियां पूरी
बिलासपुर। होली से ठीक पहले प्रदेश के किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai आज बिलासपुर में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होकर कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के खातों में 10,324.84 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि जारी करेंगे। साथ ही 263.16 करोड़ रुपए के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा। सम्मेलन बिल्हा ब्लॉक के ग्राम रहंगी में आयोजित होगा।
जिले के किसानों को 494 करोड़
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी। होली से पहले खातों में राशि पहुंचने से किसानों में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से ही प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे और कुछ किसानों से संवाद भी करेंगे।
263 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
सम्मेलन में 7 कार्यों का लोकार्पण और 82 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें उच्चस्तरीय पुल निर्माण, प्रमुख मार्गों का सुदृढ़ीकरण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कें, तखतपुर में मातृ-शिशु अस्पताल, बिलासपुर में फिजियोथेरेपी कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, छात्रावास और सिंचाई नहरों के जीर्णोद्धार जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से आवागमन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
प्रशासनिक तैयारियां पूरी
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधायक Dharamlal Kaushik के साथ देर रात सभास्थल का निरीक्षण कर मंच, सुरक्षा, पेयजल, बिजली, पार्किंग और पंजीयन काउंटर सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पंचायतों को भीड़ जुटाने का लक्ष्य
सम्मेलन में अधिकाधिक किसानों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। पंचायतों को किसानों और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए वाहनों की व्यवस्था भी प्रशासन की ओर से की गई है।
ये रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।