बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट, कई जिलों में फसलों को नुकसान; रायगढ़ में जलाशय का गेट टूटने से जनजीवन प्रभावित
छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि ने जहां तापमान में गिरावट ला दी है, वहीं कोंडागांव में बर्फ जैसी सफेद चादर बिछने से पहाड़ी इलाकों जैसा दृश्य नजर आया। दूसरी ओर जशपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की जान चली गई, जबकि रायगढ़ में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
शनिवार को कोंडागांव जिले में मौसम ने अलग ही रूप दिखाया। बड़ेराजपुर विकासखंड के टेवंसा, छोटेराजपुर, पाडोकी और बड़ेराजपुर गांवों में तेज ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों और गांवों में सफेद परत जम गई। इस नजारे ने लोगों को शिमला-मनाली की याद दिला दी। हालांकि, इस ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
उधर, जशपुर जिले के दुलदुला क्षेत्र में दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां आकाशीय बिजली गिरने से 51 वर्षीय मजदूर सनऊ राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय रेखा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, रायगढ़ जिले में एक और परेशानी खड़ी हो गई। बिलासपुर जलाशय का गेट टूटने से पानी ने आसपास के इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। पानी राष्ट्रीय राजमार्ग और खेतों में फैल गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।