ओलावृष्टि और अंधड़ से कई जिलों में तापमान गिरा, अंबिकापुर सबसे ठंडा; अब तेज धूप के संकेत
छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों के दौरान हुई बारिश और अंधड़ के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में शुष्क हवा के प्रभाव से आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा और गर्मी का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया जाएगा।
बारिश के बाद बढ़ेगा तापमान
प्रदेश के कई हिस्सों में फिलहाल तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा रहा है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक वृद्धि की संभावना जताई है, जिससे गर्मी धीरे-धीरे अपने तेवर दिखाने लगेगी।
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा, दुर्ग में गर्मी का असर
उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं दुर्ग जिले में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे दोपहर में गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया गया।
कोंडागांव में ओलावृष्टि से ‘हिल स्टेशन’ जैसा नजारा
शनिवार को कोंडागांव जिले के कई इलाकों में तेज ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों में बर्फ की मोटी परत जम गई।
बड़ेराजपुर क्षेत्र के टेवंसा, छोटेराजपुर और पाडोकी गांवों में दृश्य शिमला-मनाली जैसा नजर आया। हालांकि इस ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान भी हुआ है।
आकाशीय बिजली और हादसे
जशपुर जिले के दुलदुला क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई।
वहीं रायगढ़ में बिलासपुर जलाशय का गेट टूटने से पानी सड़क और आसपास के खेतों में फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अब तेज धूप के साथ गर्मी की वापसी
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब शुष्क मौसम का दौर शुरू होगा। बारिश की गतिविधियां थमने के बाद तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर बढ़ेगा।