महिला समेत आरोपी दबोचे, मेडिकल स्टोर से अवैध बिक्री का खुलासा; अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच तेज
राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त ऑपरेशन में भारी मात्रा में गांजा, प्रतिबंधित दवाएं और सिंथेटिक ड्रग्स बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 40 लाख रुपए आंकी गई है।
चार मामलों में 12 आरोपी गिरफ्तार
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में 11 पुरुष और एक महिला समेत कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 42 किलो गांजा, 2200 नशीली टेबलेट और 1.53 ग्राम MDMA ड्रग्स जब्त किया है।
मेडिकल स्टोर से चल रहा था अवैध कारोबार
कोतवाली थाना क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर 1700 अल्प्राजोलम टेबलेट के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा गया। बिना वैध दस्तावेज के इन दवाओं की बिक्री की जा रही थी। प्रशासन ने स्टोर को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
ट्रेन अटेंडेंट के जरिए मंगाते थे ड्रग्स
गंज थाना क्षेत्र में दो आरोपी MDMA ड्रग्स के साथ पकड़े गए। पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी नागपुर से आने वाली ट्रेन के अटेंडेंट के जरिए ड्रग्स मंगवाते थे, जिससे सप्लाई का नया तरीका उजागर हुआ है।
ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा तस्करी का नेटवर्क
पंडरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार किया, जो ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा ले जा रहे थे। इनके पास से 42 किलो गांजा और करीब 1 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
डीडी नगर में भी कार्रवाई, 500 टेबलेट बरामद
डीडी नगर इलाके में पुलिस ने 500 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे शहर में फैल रहे नशे के जाल की गंभीरता सामने आई है।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद अब तक 24 मामलों में 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 1.72 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं।