देशभर से जुड़े आरोपियों का नेटवर्क ध्वस्त, गुजरात के दो मास्टरमाइंड चिन्हित
राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन अवैध कॉल सेंटरों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कुल 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो देश के विभिन्न राज्यों से ताल्लुक रखते हैं।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन में बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना गंज और न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर संचालित तीन फर्जी कॉल सेंटरों का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने थाना गंज क्षेत्र के पिथालिया कॉम्प्लेक्स में संचालित दो कॉल सेंटरों और न्यू राजेंद्र नगर स्थित अंजनी टॉवर में चल रहे एक अन्य कॉल सेंटर पर दबिश दी। यहां से सुपरवाइजर सहित कुल 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मेघालय, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों के निवासी हैं। पुलिस ने इस गिरोह के दो मुख्य सरगनाओं की पहचान कर ली है, जो दोनों गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई का नेतृत्व: यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल के निर्देशन में की गई।