दुर्ग-रायपुर के बीच आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग तय, भारी वाहनों पर समयबद्ध प्रतिबंध
दुर्ग-रायपुर के बीच आवागमन करने वाले लोगों को अप्रैल महीने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कुम्हारी स्थित खारुन नदी पुल पर मेंटेनेंस कार्य के चलते 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ब्रिज पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान ट्रैफिक को डायवर्ट कर वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित खारुन नदी ब्रिज पर मरम्मत कार्य के चलते पूरे एक महीने तक यातायात प्रभावित रहेगा। इसे देखते हुए दुर्ग और रायपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है, जिसमें हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
इस संबंध में 24 मार्च को भिलाई के सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्ग पुलिस, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), भिलाई स्टील प्लांट (BSP) और निर्माण एजेंसी के अधिकारी शामिल हुए। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने अधिकारियों को रूट का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
हल्के वाहनों के लिए डायवर्जन रूट:

दुर्ग से रायपुर एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, आरंग और अभनपुर जाने वाले वाहन नेवई-उतई-सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग का उपयोग करेंगे।
वहीं सुपेला, भिलाई, रिसाली और नेवई से रायपुर जाने वाले वाहन उतई-सेलूद-ढौर-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग से गुजरेंगे।
खुर्सीपार, चरोदा और भिलाई-3 क्षेत्र के वाहन सिरसा गेट-सिरसा खुर्द-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग से रायपुर पहुंचेंगे।
नंदिनी, अहिरवारा और कुम्हारी से आने वाले हल्के वाहनों को टोल पार कर वैकल्पिक पुल से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।
रायपुर से दुर्ग के लिए व्यवस्था:
रायपुर से दुर्ग आने वाले हल्के वाहन भनपुरी, गुढ़ियारी, हीरापुर और टाटीबंध से चंदनीडीह होते हुए पुराने रपटा पुल के जरिए कुम्हारी पहुंच सकेंगे।
इसके अलावा रायपुरा-महादेवघाट-अमलेश्वर मार्ग भी विकल्प के रूप में उपलब्ध रहेगा।
भारी वाहनों पर विशेष नियम:
भारी वाहनों के लिए सिंगल लाइन व्यवस्था लागू रहेगी। दुर्ग से रायपुर जाने वाले भारी वाहन कुम्हारी टोल से दाहिने पुल के जरिए नियंत्रित तरीके से गुजरेंगे।
राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक बाफना टोल प्लाजा के पास रोका जाएगा।
भिलाई औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले भारी वाहन सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक कुम्हारी मार्ग पर प्रतिबंधित रहेंगे।
महासमुंद और उरला-सिलतरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी निर्धारित समय में रोका जाएगा, ताकि ट्रैफिक दबाव कम किया जा सके।
प्रशासन की तैयारी:
निर्माण एजेंसी को ब्रिज के दोनों ओर 24 घंटे वालेंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी खराब वाहन को तुरंत हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था रहेगी। सिरसा गेट और अमलेश्वर क्षेत्र में भी क्रेन तैनात की जाएगी।
सभी डायवर्जन प्वाइंट पर दिशा-सूचक बोर्ड और रूट मैप लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो।