परिवारों की सहमति से हुआ विवाह; वीडियो वायरल, जश्न में डूबे ग्रामीण
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक अनोखी शादी ने सबका ध्यान खींच लिया है। यहां एक युवक ने दो युवतियों के साथ एक ही मंडप में सात फेरे लेकर विवाह किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कोंडागांव। जिले के फरसगांव ब्लॉक स्थित बैलगांव में एक अलग तरह की शादी चर्चा का विषय बन गई है। यहां एक युवक ने दो युवतियों के साथ एक ही समारोह में विवाह रचाया। खास बात यह रही कि पूरे रीति-रिवाज और सामाजिक स्वीकृति के साथ यह विवाह संपन्न हुआ।
युवक हितेश यादव, जो खेती-किसानी से जुड़ा है, ने शंकरपुर की रहने वाली फुलबती और बनियागांव की यामिनी के साथ एक ही मंडप में अग्नि के फेरे लिए। विवाह के दौरान दूल्हा दोनों दुल्हनों का हाथ थामे नजर आया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रस्मों के साथ हुआ पारंपरिक विवाह
इस अनोखे विवाह में सभी पारंपरिक रस्में पूरी की गईं। 23 मार्च को मंडपाच्छादन और हल्दी की रस्में हुईं, जबकि 24 मार्च को पाणिग्रहण, फेरे और आशीर्वाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
तीनों परिवारों की सहमति से हुआ फैसला
ग्रामीणों के मुताबिक यह विवाह पूरी तरह से दोनों पक्षों और परिवारों की सहमति से संपन्न हुआ। समाज के बुजुर्गों की मौजूदगी और आशीर्वाद के साथ यह निर्णय लिया गया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।
जश्न में डूबा गांव, वीडियो हुआ वायरल
विवाह के दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। बारात से लेकर रिसेप्शन तक, दोस्तों और ग्रामीणों ने जमकर नाच-गाना किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में भी इस उत्साह की झलक साफ दिखाई दे रही है।
कानून और परंपरा के बीच अंतर
विशेषज्ञों के अनुसार, हिंदू विवाह अधिनियम के तहत एक समय में एक ही विवाह मान्य है और दूसरा विवाह तभी संभव है, जब पहला विवाह कानूनी रूप से समाप्त हो। हालांकि, कुछ जनजातीय समुदायों में एक से अधिक विवाह की परंपरा सामाजिक रूप से स्वीकार्य मानी जाती रही है।