3 दिन में 4 डिग्री तक चढ़ेगा तापमान, कल कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मौसम अब करवट लेने जा रहा है। आंधी-तूफान की गतिविधियों में कमी के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी का असर बढ़ेगा।
रायपुर। प्रदेश में बीते कुछ दिनों से जारी आंधी-तूफान और हल्की बारिश के दौर पर अब विराम लगने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज से मौसम धीरे-धीरे साफ और शुष्क होने लगेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
हालांकि, विभाग ने गुरुवार के लिए कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके बाद मौसम स्थिर होने लगेगा और गर्मी का असर तेज होगा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले तीन दिनों में प्रदेशभर में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। राजधानी रायपुर का पारा भी 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई, जबकि मध्य और दक्षिण क्षेत्रों में तापमान लगभग स्थिर बना रहा। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा भी हुई। मनोरा, कांसाबेल और जशपुरनगर में 10-10 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान राजनांदगांव में 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का प्रभाव और तेज होगा, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।