हाउसिंग बोर्ड के किराए के मकान में चल रहा था नशे का कारोबार, 18.70 लाख की हेरोईन और नकदी बरामद
दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में छापा मारकर अंतरराज्यीय हेरोईन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक युवती सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो पंजाब से मादक पदार्थ लाकर शहर में खपाने का नेटवर्क चला रहे थे।
भिलाई। दुर्ग पुलिस की नशे के खिलाफ मुहिम के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जामुल थाना पुलिस और एसीसीयू (क्राइम ब्रांच) की संयुक्त टीम ने हाउसिंग बोर्ड भिलाई स्थित एक किराए के मकान में छापा मारकर हेरोईन तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से एक युवती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 91.9 ग्राम हेरोईन (चिट्टा), जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 69 हजार रुपये है, और 31 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में किराए के मकान में अवैध रूप से हेरोईन रखकर बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही जामुल पुलिस और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मादक पदार्थ पंजाब के अमृतसर से लाकर भिलाई में सप्लाई कर रहे थे। इसके लिए हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में किराए का मकान लेकर संगठित तरीके से अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27(क) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजविंदर कौर (19 वर्ष), राजवीर सिंह (32 वर्ष), कुलदीप सिंह (39 वर्ष) और लवप्रीत सिंह (22 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी पंजाब के अमृतसर जिले के निवासी हैं।
बरामदगी: 91.9 ग्राम हेरोईन (चिट्टा), कीमत लगभग 18.69 लाख रुपये, 31 हजार रुपये नकद
पुलिस की अपील: दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।