रायपुर में पारा 41° पहुंचा, बिलासपुर और दुर्ग में 42° के पार जाने के आसार; अगले चार दिन में तापमान और चढ़ेगा
रायपुर समेत प्रदेशभर में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी तथा लू चलने की चेतावनी जारी की है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का तेवर लगातार तीखा होता जा रहा है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम नजर आने लगी है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले चार दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। 15 अप्रैल से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हीट वेव (लू) चलने की संभावना जताई गई है, जिसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और बीते 24 घंटों के दौरान कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। जहां रायपुर सबसे गर्म रहा, वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को भी प्रदेश में आसमान साफ रहेगा और किसी तरह की वर्षा की संभावना नहीं है। अगले दो दिनों तक भी मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं, जिससे गर्मी का असर और तेज होगा।
राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।