दर्जनों झुलसे, गंभीर घायलों को रायगढ़ रेफर • दोपहर 2 बजे धमाके से मचा हड़कंप • सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
रायगढ़-सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता थर्मल पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, करीब दोपहर 2 बजे अचानक बॉयलर का ट्यूब फट गया, जिससे प्लांट परिसर में जोरदार धमाका हुआ और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
प्रारंभिक जानकारी में दर्जनभर मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल भेजा गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। हादसे के बाद पूरे प्लांट क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल देखा गया।
इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला कलेक्टर और एसपी से फोन पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
डॉ. महंत ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास के साथ श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन को पूरे मामले की गहन जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घायलों के उपचार के साथ-साथ राहत कार्य जारी है। मृतकों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।