सोने की अंगूठी और नकदी के लालच में की गई हत्या
गुमशुदगी से शुरू हुई जांच, आरोपी ने कबूला जुर्म
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में टेंट व्यवसायी की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मामूली लालच के चलते आरोपी ने बेरहमी से हत्या कर शव को छिपाने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उजागर कर दिया।
कोंडागांव। कोंडागांव में टेंट व्यवसायी सुरेश चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गुमशुदगी की रिपोर्ट से शुरू हुई जांच ने कुछ ही दिनों में हत्या के इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को विकासनगर निवासी महेश चौहान ने अपने भाई सुरेश चौहान (53 वर्ष) के लापता होने की शिकायत थाना कोंडागांव में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल की रात से सुरेश का कोई पता नहीं चल रहा था और उसकी स्कूटी विकासनगर में लावारिस हालत में मिली थी। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर मरार पारा निवासी सुरेश कुमार देवांगन (38 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने खुलासा किया कि उसने मृतक को अपने घर बुलाया और सोने की अंगूठी व पैसों के लालच में लोहे के खलबट्टे के मूसल से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वार इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए शव को स्कूटी में रखकर मरार पारा क्षेत्र में मिट्टी के ढेर के पास ले जाकर दबा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को बरामद किया, जिसकी पहचान मृतक के परिजनों ने की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोंडागांव पुलिस की तत्परता ने एक गंभीर अपराध का त्वरित खुलासा कर कानून-व्यवस्था के प्रति अपनी सजगता साबित की है।