जेडीयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव बने उपमुख्यमंत्री, नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद नई सरकार का गठन
बिहार में राजनीतिक घटनाक्रम के बीच सम्राट चौधरी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने पटना स्थित लोकभवन में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
पटना (ए)। बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के तहत सम्राट चौधरी ने राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। राजधानी पटना स्थित लोकभवन में हुए भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नई सरकार में जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। दोनों नेताओं ने भी समारोह में शपथ ली। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण से पूर्व सम्राट चौधरी ने पटना के पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
गौरतलब है कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में नई राजनीतिक परिस्थितियाँ निर्मित हुईं। वे अब राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्य करेंगे। नीतीश कुमार लगभग 20 वर्षों तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। नई सरकार के गठन के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार और नीतिगत फैसलों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।