चिन्नास्वामी में शाम 7:30 बजे होगी टक्कर, होमग्राउंड पर लखनऊ के खिलाफ अब तक नहीं जीत सकी RCB
इंडियन प्रीमियर लीग के 23वें मुकाबले में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना लखनऊ सुपरजायंट्स से होगा। यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा।
स्पोर्ट्स डेस्क। IPL 2026 के 23वें मैच में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) आमने-सामने होंगे। मुकाबला बेंगलुरु के होमग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। टॉस शाम 7 बजे और मैच 7:30 बजे शुरू होगा।
इस सीजन में RCB ने अब तक 4 में से 3 मुकाबले जीतकर अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया है। आज की जीत के साथ टीम के पास टेबल टॉपर बनने का सुनहरा मौका रहेगा। वहीं लखनऊ सुपरजायंट्स ने 4 में से 2 मुकाबलों में जीत दर्ज की है और टीम मजबूत स्थिति में बने रहने की कोशिश करेगी।
हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें RCB ने 4 और LSG ने 2 मैच जीते हैं। हालांकि दिलचस्प तथ्य यह है कि लखनऊ ने अपनी दोनों जीत बेंगलुरु के होमग्राउंड पर ही दर्ज की हैं।
पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच लखनऊ में हुए मुकाबले में RCB ने 230 रनों का बड़ा लक्ष्य 18.4 ओवर में हासिल कर शानदार जीत दर्ज की थी। ऐसे में आज का मुकाबला भी बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।