रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर सबसे ज्यादा प्रभावित; अगले 3 दिन तापमान में और बढ़ोतरी के संकेत
छत्तीसगढ़ में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है और अब मध्य हिस्सों में लू का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 16 से 19 अप्रैल तक रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई इलाकों में पारा 43 डिग्री तक पहुंच चुका है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और गर्मी दिन-ब-दिन तीखी होती जा रही है। प्रदेश के मध्य हिस्सों में अगले चार दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 16 से 19 अप्रैल के बीच रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक रहने और लू के थपेड़े तेज होने की चेतावनी दी गई है।
43 डिग्री तक पहुंचा पारा
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 43°C रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन में अब तक का उच्चतम स्तर है। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19°C दर्ज किया गया।
अगले 3 दिन और बढ़ेगी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इससे हीट वेव की स्थिति और गंभीर हो सकती है, खासकर दोपहर के समय।
बारिश के आसार नहीं
फिलहाल प्रदेश में मौसम पूरी तरह ड्राई बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है और आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना नहीं है।